बॉलीवुड

प्रियंका चोपड़ा ने करोड़ों में बेच दिए मुंबई के दो घर, लीज पर दिया अपना ऑफिस, जानिए कुल कीमत

मशहूर अदाकारा प्रियंका चोपड़ा आज जिस मुकाम पर खड़ी हैं, वहां उनको किसी के भी परिचय की आवश्यकता नहीं है। प्रियंका चोपड़ा ने अपनी बेहतरीन अदाकारी का लोहा सिर्फ बॉलीवुड में ही नहीं बल्कि हॉलीवुड में भी बनवाया है। प्रियंका चोपड़ा ने अपनी मेहनत और काबिलियत के दम पर दुनिया भर में अच्छा खासा नाम कमाया है। वैसे एक मध्यम वर्गीय परिवार से करोड़पति बनने तक का सफर प्रियंका के लिए इतना आसान नहीं था परंतु उन्होंने अपनी मेहनत से सब कुछ हासिल कर लिया।

प्रियंका चोपड़ा मौजूदा समय में सबसे महंगी अभिनेत्रियों की लिस्ट में शुमार हैं और इनके पास धन-दौलत की कोई कमी नहीं है। मुंबई से लेकर गोवा तक और लॉस एंजिलिस में भी प्रियंका की ढेर सारी संपत्ति हैं। इसी बीच एक ऐसी खबर निकल कर सामने आ रही है कि अभिनेत्री प्रियंका ने मुंबई में स्थित अपने दो अपार्टमेंट बेच दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने अपना एक ऑफिस भी लीज पर दिया है।

प्रियंका चोपड़ा ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत बॉलीवुड फिल्मों से की थी और उन्होंने धीरे-धीरे हॉलीवुड फिल्मों में भी काम करना शुरू कर दिया। प्रियंका चोपड़ा एक ऐसी भारतीय अभिनेत्री बन चुकी हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कामयाबी पाई है। अगर हम प्रियंका चोपड़ा की प्रॉपर्टीज के बारे में जानें तो प्रियंका चोपड़ा ने मुंबई में स्थित अपनी प्रॉपर्टीज में कुछ फेरबदल किए हैं। खबरों के अनुसार, प्रियंका चोपड़ा ने मुंबई के अपने दो अपार्टमेंट 7 करोड़ रुपए में बेच दिए हैं।

आपको बता दें कि प्रियंका ने अंधेरी (पश्चिम) के वर्सोवा के राज क्लासिक की सातवीं मंजिल पर स्थित एक अपार्टमेंट को मार्च के महीने में तीन करोड़ रुपए में बेच दिया था। वहीं उसी मंजिल पर स्थित एक और अपार्टमेंट को अभिनेत्री ने चार करोड़ में बेचा। इन दो प्रॉपर्टी को बेचने के अलावा उन्होंने अपना एक ऑफिस लीज पर भी दिया है। अब आपके मन में यह सवाल जरूर आ रहा होगा कि प्रियंका ने अपना जो ऑफिस लीज पर दिया है, आखिर उसका किराया कितना है? तो चलिए हम आपको उसके बारे में भी बताते हैं।

मनीकंट्रोल, ने Zapkey.com द्वारा एक्सेस किए गए दस्तावेजों का हवाला देते हुए यह बताया है कि प्रियंका चोपड़ा ने जून के महीने में अंधेरी पश्चिम में वास्तु परिसर के ओशिवारा में दूसरी मंजिल पर स्थित अपने ऑफिस की संपत्ति को हर महीने 2.11 लाख रुपए लीज पर दिया है। आपको बता दें कि प्रियंका चोपड़ा का यह ऑफिस 2040 वर्ग फुट के क्षेत्र में फैला हुआ है, जिसका किराया लाखों में आता है।

बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी बेहतरीन एक्टिंग और खूबसूरती का जलवा बिखेरने वाली अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की प्रॉपर्टी अभिनेत्री जैकलिन फर्नांडीस ने खरीदा है, जो जुहू में स्थित है। “पिंकविला” की एक रिपोर्ट के अनुसार, जैकलिन फर्नांडीस हाल ही में प्रियंका चोपड़ा के जुहू वाले पुराने अपार्टमेंट में शिफ्ट हुई हैं। यह वही अपार्टमेंट है जहां पर प्रियंका चोपड़ा शादी के दौरान अपने पति निक जोनस के साथ रहती थीं। बता दें कि प्रियंका चोपड़ा ने पिछले साल फरवरी में दो करोड़ में चार मंजिला घर बेचा था जो अंधेरी वेस्ट में लोखंडवाला कंपलेक्स के करण अपार्टमेंट में स्थित था।

बॉलीवुड और हॉलीवुड की मशहूर अदाकारा प्रियंका चोपड़ा अपने पति निक जोनस के साथ लॉस एंजिलिस के बेवर्ली हिल्स पोस्ट ऑफिस में 20000 स्क्वायर फीट के एक आलीशान बंगले में रहती हैं जिसकी कीमत 144 करोड़ रुपए बताई जाती है। प्रियंका के इस आलीशान बंगले में 7 रूम, 11 बाथरूम, एक लिविंग एरिया, IMAX स्क्रीन वाला एक मूवी थिएटर, इनडोर बॉस्केटबॉल कोर्ट, टू-लेन बॉलिंग एली और एक पूल टेबल उपलब्ध है।

बताते चलें अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने अमेरिकन सिंगर निक जोनस के साथ वर्ष 2018 में शादी रचाई थी। शादी के बाद प्रियंका अपने पति के साथ लॉस एंजिलिस में रहने लगीं। दोनों ही अपनी शादीशुदा जिंदगी हंसी खुशी व्यतीत कर रहे हैं। प्रियंका चोपड़ा आखिरी बार बॉलीवुड फिल्म “द स्काई इज पिंक” में दिखी थीं। इन दिनों प्रियंका हॉलीवुड कॉन्ट्रेक्ट्स में काफी व्यस्त चल रही हैं और वह एक बाद एक दो नेटफ्लिक्स फिल्मों “We Can Be Heroes” और “The White Tiger” में दिखाई देंगी। इसके अलावा उनके पास “Matrix 4”, “Text for You”, “Citadel” जैसे प्रोजेक्ट्स हैं।

Related Articles

Back to top button