विशेष

11 साल का बच्चा दोस्तों संग जला रहा था पटाखा, अचानक हुआ धमाका, बुझ गई एक आंख की रोशनी

जैसे-जैसे दिवाली पास आती जाती है, वैसे-वैसे लोगों के अंदर एक अलग ही उत्साह देखने को मिलता है। दिवाली के बड़े त्यौहार पर हर तरफ एक अलग ही रौनक देखने को मिलती है। लोगों के अंदर उत्साह भरा रहता है। खासकर दिवाली के नजदीक आते ही बच्चों में पटाखा जलाने का उमंग रहता है। ज्यादातर लोगों का ऐसा मानना है कि दिवाली का त्यौहार आतिशबाजी के बिना पूरा नहीं माना जाता है। दिवाली पर बच्चों के अंदर पटाखों और आतिशबाजी को लेकर इतनी उत्सुकता देखने को मिलती है कि बच्चे दिवाली के कई दिन पहले से ही पटाखे फोड़ना शुरू कर देते हैं।

भले ही बच्चे पटाखों के द्वारा उत्पन्न होने वाले शानदार रंगों और आकृतियों से प्यार करते हैं परंतु कई बार पटाखे जलाते समय कई बार ऐसे हादसे हो जाते हैं जिससे पूरी जिंदगी ही बदल जाती है। बच्चे खेल-खेल में कुछ ऐसी गलतियां कर बैठते हैं जिसका परिणाम बहुत बुरा होता है। हम सभी हर वर्ष दिवाली पर ऐसी खबरें सुनते रहते हैं कि पटाखे जलाते हुए बच्चे जख्मी हो गए या फिर किसी बच्चे की जान चली गई।

अगर बच्चा पटाखा जला रहा है तो ऐसे में पेरेंट्स को सावधान रहना चाहिए और उनको अपने बच्चों पर निगरानी रखनी चाहिए। हमेशा बच्चों को अपनी निगरानी में पटाखा जलाने दें क्योंकि बच्चे पटाखे जलाते समय असावधानी करते हैं जिसकी वजह से उनके साथ बड़े हादसे हो जाते हैं। इसी बीच एक घटना मुंबई के अंधेरी से सामने आई है। जहां पर एक 11 साल का लड़का अपने दोस्तों के साथ गली के अंदर पटाखा जला रहा था परंतु अचानक उसके साथ हादसा हो गया और इस हादसे में उसकी आंख की रोशनी चली गई।

दरअसल, हम आपको जिस मामले के बारे में जानकारी दे रहे हैं यह मामला मुंबई के अंधेरी के डीएन नगर इलाके से सामने आया है। मंगलवार की रात करीब 9:00 बजे एक 11 साल का साई भारंकार अपने दोस्तों के साथ पटाखे जला रहा था, लेकिन अचानक ही पटाखे के धमाके से चिंगारी निकली और उस चिंगारी की वजह से लड़के की बाई आंख और नाक बुरी तरह जख्मी हो गई।

डीएन नगर पुलिस ने इस विषय में जानकारी देते हुए यह बताया है कि लड़के ने पटाखा रखा और उसमें आग लगा दी, उसने पटाखों के ऊपर तीन बॉक्स भी रख दिए थे और वह पटाखा फटने का इंतजार करने लगा। कुछ देर इंतजार करने के बाद जब पटाखा नहीं फटा तो ऐसे में वह लड़का बॉक्स हटाकर उसको चेक करने लगा। तीनों बॉक्स को हटाते ही अचानक पटाखे में तेज धमाका हो गया और उस धमाके से उठी चिंगारी से लड़के की आंख और नाक झुलस गई।

जब लड़के के साथ यह हादसा हुआ तो तुरंत ही माता-पिता उसे लेकर जेजे अस्पताल पहुंचे, जहां पर डॉक्टर ने इलाज किया और उन्होंने बताया कि लड़के की बाई आंख की रोशनी चली गई है। इतना ही नहीं बल्कि लड़के की नाक में टांके भी लगे। फिलहाल में अभी लड़के का इलाज अस्पताल में चल रहा है। इस पूरी घटना को वहां के स्थानीय पुलिस ने डायरी में दर्ज कर लिया है। पुलिस का ऐसा बताना है कि अभी लड़का बयान देने की स्थिति में नहीं है।

बताते चलें कि भले ही दिवाली का त्यौहार आतिशबाजी और उत्सव का पर्व माना जाता है। मिठाइयों और पटाखों के बिना दिवाली सूनी-सूनी सी लगने लगती है परंतु पटाखे जलाते समय सावधानी बरतनी जरूरी है। इस प्रकार की घटनाओं से हमें सबक जरूर लेना चाहिए। हम आपसे यह अपील करते हैं कि आप सुरक्षित दिवाली मनाएं।

Related Articles

Back to top button