समाचार

आखिर नेशनल रेसलर निशा को बदमाशों ने क्यों मारी गोली? सामने आई ये वजह

हरियाणा के सोनीपत से दिल दहला देने वाली एक घटना निकल कर सामने आई है। जहां पर एक महिला पहलवान और उसके भाई को गोली मारकर हत्या कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा के सोनीपत के हलालपुर गांव में एक कुश्ती एकेडमी में राष्ट्रीय स्तर की महिला पहलवान निशा और उनके भाई सूरज की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। वहीं निशा की मां को भी बदमाशों ने गोली मारी है, जिसकी वजह से वह गंभीर रूप से घायल हैं। उनको इलाज के लिए पीजीआई रोहतक में एडमिट कराया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, सोनीपत जिला के हलालपुर गांव में आरोपी पवन नामक शख्स एके कुश्ती एकेडमी चलाता है। बुधवार को कुश्ती एकेडमी में जमकर गोलीबारी हुई थी, जिसमें सूरज और उसकी बड़ी बहन निशा को कुछ लोगों ने गोली मार दी। इसी दौरान बीच-बचाव में उनकी मां धनपति आईं तो उनको भी गोली लग गई। भाई-बहन दोनों ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया लेकिन माँ गंभीर रूप से घायल है और उपचार के लिए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है, जहां पर उनकी हालत बहुत नाजुक बताई जा रही है।

ऐसा बताया जा रहा है कि एकेडमी में हलालपुर गांव की रहने वाली राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती खिलाड़ी निशा अभ्यास करने के लिए आती थी। बुधवार के दिन भी वह अपने भाई सूरज के साथ एकेडमी प्रैक्टिस के लिए आई हुई थी। उन दोनों के साथ उनकी मां धनपति भी थी। इसी दौरान तीन लोगों ने फायरिंग कर दी। निशा और सूरज की तो मौके पर ही जान चली गई। वहीं मां धनपति गंभीर रूप से घायल हो गई। हत्या का आरोप एकेडमी संचालक पर लगा है और हत्या के पीछे की मुख्य वजह महिला पहलवान के साथ छेड़छाड़ का विरोध बताया जा रहा है।

पुलिस के द्वारा इस संबंध में एकेडमी संचालक उसकी पत्नी तथा उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस अपनी जांच पड़ताल में जुट गई है। वहीं निशा के चचेरे भाई का ऐसा कहना है कि एकेडमी संचालक पवन ने ही इस घटना को अंजाम दिया है। निशा जेबीटी का कोर्स करने के साथ-साथ कुश्ती भी कर रही थीं। निशा राष्ट्रीय स्तर की महिला कुश्ती खिलाड़ी थी। पहलवान निशा ने दिल्ली में आयोजित यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में मेडल भी प्राप्त किए थे।

इस पूरे मामले की जांच अधिकारी रमेश चंद्र कर रहे हैं। वह धनपति देवी का बयान लेने के लिए रोहतक पीजीआई पहुंचे थे। जहां पर उन्होंने यह बताया था कि धनपति ने अपनी शिकायत में पवन उसकी पत्नी तथा उनके साले सहित कई लोगों पर गोली मारने का आरोप दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि निशा के साथ हो रही छेड़खानी का विरोध करने पर इस घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में FIR दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि बहुत ही जल्द सभी आरोपी पुलिस की हिरासत में होंगे।

वैसे देखा जाए तो पहलवान निशा और उसके भाई को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई, जो एक बेहद गंभीर विषय है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष देखने को मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button