अश्लील फिल्में बनाने के बाद अब राज कुंद्रा पर धोखाधड़ी का केस दर्ज, शिल्पा शेट्टी का नाम भी शामिल
बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा को पिछले दिनों से काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पहले से ही कानूनी मामले में फंसे राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी को लेकर एक और रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है। शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा के खिलाफ मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया है।
कहा जा रहा है कि नितिन बराई नाम के एक शख्स ने इस कपल के खिलाफ साल 2014 में उसके साथ धोखाधड़ी की है जिसके बाद शख्स ने इस कपल समेत अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
शिल्पा शेट्टी और उनके पति के अलावा नितिन बराई ने काशिफ खान, दर्शित शाह और इनके कुछ दोस्तों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बराई के मुताबिक उसे कहा गया कि अगर वह इनकी कंपनी की फ्रेंचाइजी ले और पुणे के गोरेगांव इलाके में इनके स्पा और जिम खोलेंगे तो उन्हें बहुत फायदा होगा।
उसके बाद बराई ने 1 करोड़ 49 लाख 27 हजार रुपए इन्वेस्ट किए। लेकिन बराई को इन पैसों का कोई फायदा नहीं हुआ बल्कि आरोपियों ने खुद अपने फायदे के लिए उनके पैसे इस्तेमाल कर लिए। इतना ही नहीं बल्कि जब बराई ने इन आरोपों से अपने पैसे वापस लेने की बात कही तो उन्हें धमकी दी गई।
कहा जा रहा हैं कि मुंबई पुलिस इस मामले में जल्द ही शिल्पा शेट्टी, राज कुंद्रा और अन्य आरोपियों से पूछताछ कर सकती है। बता दें, मुंबई पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। इस शख्स की शिकायत के बाद बांद्रा पुलिस ने शिल्पा शेट्टी, राज कुंद्रा समेत अन्य आरोपियों के ख़िलाफ़ IPC की धारा 420 (धोखाधड़ी), 120-बी (आपराधिक साजिश), 506 (आपराधिक धमकी) और 34 (समान मंशा) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा पहले से ही अश्लील फिल्में बनाने और इसके प्रसारण के आरोप में फंसे हुए हैं और इन दिनों वह जमानत पर जेल से बाहर आए हैं। राज कुंद्रा को इसी साल जुलाई में गिरफ्तार किया गया था जिसके बाद उन्हें करीब 2 महीने तक सलाखों के पीछे रखा गया था।
बता दें, जब राज कुंद्रा गिरफ्तार हुए थे शिल्पा शेट्टी को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। वहीं सितंबर में जेल से बाहर आने के बाद राज कुंद्रा मीडिया की नजरों से भी काफी दूर रहे हैं। पहले तो राज कुंद्रा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते थे और अक्सर अपने परिवार की तस्वीरें शेयर करते थे। लेकिन अब उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट भी डिलीट कर दिए हैं।
हालांकि, कुछ दिन पहले ही राज और शिल्पा हिमाचलप्रदेश पहुंचे थे जहां उन्होंने धर्मशाला स्थित बगलामुखी मंदिर में दर्शन किए थे जिसकी कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर खूब वरल हुई थी। इन तस्वीरों में शिल्पा शेट्टी राज कुंद्रा का हाथ पकड़े हुए मंदिर के दर्शन करते हुए नजर आ रही थी।