विशेष

20 दिन का बच्चा गोद में लिए मां परीक्षा देने रोज जाती है 60 KM दूर, पति देता है पूरा साथ

पति-पत्नी का रिश्ता बेहद पवित्र और खास रिश्ता माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि अगर पति-पत्नी समझदार हों, तो शादीशुदा जिंदगी हंसी खुशी व्यतीत होती है। पति-पत्नी का रिश्ता नाजुक डोर से बंधा होता है, जो समझ के दम पर ही चलता है। अगर पति-पत्नी एक दूसरे को समझते हैं तो रिश्ता समय के साथ-साथ और भी ज्यादा मजबूत होता चला जाता है।

एक लड़की शादी के बाद अपना घर छोड़कर किसी पराए घर जाती है। लड़की यही चाहती है कि उसका पति उसको समझे और उसकी इच्छाओं को पूरा करें। शादी से पहले जो लड़की की इच्छाएं अधूरी रह गई हैं, वह सारी इच्छाएं उसका पति पूरी करे, यह हर लड़की सोचती है। वहीं एक अच्छा पति भी अपनी पत्नी की हर इच्छा पूरी करने का पूरा प्रयास करता है। आज हम एक ऐसी महिला के बारे में बताने वाले हैं, जिसको अपनी इच्छा पूरी करने में पति का पूरा साथ मिला है।

20 दिन का बच्चा गोद में लिए परीक्षा देने जाती है मां

आज हम आपको एक ऐसी महिला की कहानी बता रहे हैं, जो अपनी इच्छाओं को पूरा करने के लिए जी तोड़ मेहनत कर रही है। वहीं उसका जीवनसाथी भी उसकी सहायता हर कदम पर कर रहा है। दरअसल, हम आपको ग्वालियर के आंतरी की रहने वाली प्रियंका बघेल और उनके पति खेर सिंह के बारे में बता रहे हैं। प्रियंका इस समय 12वीं की परीक्षा दे रही हैं। परीक्षा केंद्र पर जाते समय उनके पति और उनका 20 दिन का बच्चा भी साथ होता है।

आपको बता दें कि प्रियंका के लिए परीक्षा सेंटर पर पहुंचना इतना आसान नहीं था क्योंकि परीक्षा का सेंटर मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में है। जबकि वह ग्वालियर से 60 किलोमीटर दूर आंतरी गांव में रहती हैं। आप प्रियंका के जज्बे और जुनून को इस बात से पहचान सकते हैं कि अभी मां बने हुए महज 20 दिन ही हुए हैं लेकिन वह रोजाना आंतरी गांव से ग्वालियर का 60 किलोमीटर का सफर परीक्षा देने के लिए तय करती हैं। उनके इस काम में उनके पति खेर सिंह पूरी सहायता करते हैं। वह पेशे से ड्राइवर हैं।

प्रियंका का डॉक्टर बनने का है सपना

आपको बता दें कि प्रियंका के पति खेर सिंह 12वीं कक्षा तक ही पढ़े हैं और वह ड्राइवरी से घर खर्चा चलाते हैं लेकिन प्रियंका का सपना है कि वह पढ़ लिखकर डॉक्टर बने और इस सपने को साकार करने में पति की पूरी मदद मिल रही है। जब प्रियंका को दुल्हन बनाकर खेर सिंह अपने घर लेकर आए थे तो उन्होंने पति के सामने अपनी इस इच्छा को रखी थी। शुरुआत में तो उनके ससुराल वालों ने इनकार कर दिया था लेकिन जब खेर सिंह ने उन्हें समझाया तो वह मान गए। इसके बाद पति ने 12वीं का फॉर्म भरवा दिया।

20 दिन पहले ही मां बनी हैं प्रियंका

प्रियंका बघेल 20 दिन पहले ही एक बेटे की मां बनी हैं। बेटे के जन्म से घर में खुशियां आईं परंतु समस्या उस समय खड़ी हो गई जब उनको यह मालूम हुआ कि अभी कुछ दिनों में ही उनकी परीक्षा शुरू होने वाली है लेकिन इसके बावजूद भी उनका आत्मविश्वास इतना मजबूत है कि हर रोज 60 किलोमीटर का सफर तय करके वह परीक्षा देने जाती हैं।

प्रियंका अपने नवजात बेटे और अपने पति खेर सिंह के साथ पदमा स्कूल में परीक्षा देने के लिए जाती हैं। प्रियंका के एग्जाम हॉल में जाने के बाद बाहर पति अपने 20 दिन के बेटे को संभालते हैं। प्रियंका एक मां और छात्रा दोनों का फर्ज बखूबी तरीके से निभा रही हैं। वह पहले अपने बच्चे को सुला देती हैं और उसके सोने के बाद रात-रात भर जागकर परीक्षा की तैयारी करती रहती हैं।

Related Articles

Back to top button