बॉलीवुड

चमोली आपदा से प्रभावित एक पीड़ित परिवार का सहारा बने सोनू सूद, 4 बच्चियों को एक्टर ने लिया गोद

फिल्म अभिनेता सोनू सूद ने अपने नेक कामों से हर किसी व्यक्ति के दिल में एक अलग ही जगह बनाई है। यह गरीबों के मसीहा बनकर उभरे हैं। कोरोना महामारी के चलते जब देशभर में लॉकडाउन का ऐलान किया गया था तब अभिनेता सोनू सूद ने जरूरतमंद लोगों की खूब सहायता की थी और इनकी मदद का सिलसिला लगातार जारी है। अभी भी यह गरीब और जरूरतमंद लोगों की सहायता करते रहते हैं। इसी बीच सोनू सूद चमोली में आई आपदा में एक पीड़ित परिवार के लिए मसीहा बनकर सामने आए हैं। आपको बता दें कि सोनू सूद ने पीड़ित परिवार की 4 बेटियों को गोद लिया है। आपदा में इन बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया था, जिसके बाद सोनू सूद इनका सहारा बने।

आपको बता दें कि 7 फरवरी को उत्तराखंड के चमोली जिले में आई आपदा के कारण बहुत बड़ी तबाही मच गई थी। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग बेघर हो गए थे। इतना ही नहीं बल्कि कई मासूमों की भी जान चली गई थी। खबरों के अनुसार ऐसा बताया जा रहा है कि अब तक करीब 63 शव बरामद किए जा चुके हैं और कई लोगों का अभी तक कोई भी पता नहीं लग पाया है। अभी भी बहुत से लोग लापता हैं। इस आपदा की वजह से लोग अपने परिवार से बिछड़ गए। इस सदमे से बाहर निकल पाना बहुत ही कठिन है। ऐसे मुश्किल घड़ी में अगर इनको छोटी सी भी मदद मिल जाए तो यह उनके लिए बहुत साबित होगी।

चमोली आपदा में एक पीड़ित परिवार की चार बच्चियों ने अपने पिता को हमेशा हमेशा के लिए खो दिया। ऐसे में पीड़ित परिवार की सहायता के लिए बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद सामने आए हैं और अभिनेता ने बच्चियों को गोद लेने का ऐलान किया है। मिली जानकारी के अनुसार ऐसा बताया जा रहा है कि बच्चियों के पिता मृतक आलम सिंह विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना से जुड़ी ऋत्विक कंपनी में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत थे। आपदा में आलम सिंह परियोजना की टनल के अंदर कार्य करने गए हुए थे परंतु उसके बाद वह लौट कर घर वापस नहीं आए। परिवार के लोग काफी चिंतित हो गए। 8 दिन के बाद परिवार को उनका शव मलबे के नीचे दबा हुआ मिला था।

आलम सिंह के शव को देखकर परिवार पर मानो दुखों का पहाड़ टूट गया। ऐसा बताया जा रहा है कि आलम सिंह घर में एकलौते कमाने वाले सदस्य थे। ऐसी स्थिति में उनकी मृत्यु के बाद घर की और चार मासूम बच्चों की जिम्मेदारी उनकी पत्नी के कंधों पर आ गई। इस घटना के बाद परिवार काफी सदमे में है। मां को अपने बच्चों के भविष्य की चिंता बेहद सता रही है। इसी बीच अभिनेता सोनू सूद देवदूत बनकर इस पीड़ित परिवार की सहायता के लिए आए।

जब अभिनेता सोनू सूद को पीड़ित परिवार के बारे में पता लगा तो उन्होंने उनकी सहायता करने की जिम्मेदारी उठाई। खबरों के अनुसार ऐसा बताया जा रहा है कि बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने मृतक आलम सिंह के चारों बच्चों को गोद लेकर उनकी शिक्षा-दीक्षा और विवाह तक का खर्च वहन करने का आश्वासन दिया है।

Related Articles

Back to top button