विशेष

बेटे से मिलने के लिए मां बाप ने स्कूटर से तय किए 1400 KM, सात महीने से दूर का जिगर का टुकड़ा

माता पिता को अपने बच्चों से बहुत मोह होता है। वे उन्हें अपने से एक पल के लिए भी दूर नहीं करते हैं। हर पल उनकी देखरेख के लिए साथ में ही रहते हैं। हालांकि कभी कभी कुछ मजबूरीयों या हालत के चलते बच्चे माता पिता से दूर भी हो जाते हैं। ऐसे में यह जुदाई हर माता पिता के लिए बड़ी कठिन होती है। अब मुंबई के सायन में रहने वाले सेल्वम और संगीता को ही ले लीजिए।

ये कपल अपने बच्चों से 7 महीने से दूर था। ऐसे में उसके 6वें जन्मदिन पर दोनों ने सरप्राइज देने का फैसला लिया। अब दिक्कत ये थी कि कपल मुंबई में था जबकि उनका बेटा 1400 किलोमीटर दूर तमिलनाडु के पुडुकोट्टई में था। ऐसे में कपल ने बच्चे तक पहुँचने के लिए 1400 किलोमीटर का सफर स्कूटी से ही तय कर लिया। इस सफर को पूरा करने में उन्हें 37 घंटे का समय लग गया।

मुंबई में किराने की एक दुकान चलाने वाले सेल्वम बताते हैं कि शादी के बाद से हम लोग मुंबई ही रह रहे हैं। मार्च में हमने अपने बच्चों को छुट्टियां मनाने नाना नानी के यहां पुडुकोट्टई छोड़ दिया था। हमने बच्चों से वादा किया था कि उनसे मिलने जल्द ही आएंगे। लेकिन फिर लॉकडाउन लग गया और समय खींच गया।

तिरुचि के लिए अभी भी कोई ट्रेन स्टार्ट नहीं हुई है। वहीं फ्लाइट का किराया बहुत अधिक है। ऐसे में हमने तय किया कि हम अपने बेटे योगेश्वर से मिलने स्कूटी से ही चले जाएंगे। 1400 किलोमीटर के इस सफर को हाइवे के रास्ते से तय करने में हमे 37 घंटे का समय लगा।  इस दौरान हम कोल्हापुर में 1 और बेंगलुरु में 2 दिन रुके। पैसे अधिक खर्च न हो इसलिए रुकने के लिए लॉज का इस्तेमाल किया।

कपल ने बेंगलुरु में स्कूटर की सर्विस भी करवाई ताकि रास्ते में उन्हें किसी समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने पहले दिन 300 किलोमीटर और बाद के दिनों में 800 किमी और 398 किमी का रास्ता स्कूटी से तय किया। इस सफर को पूरा करने में उन्हें लगभग 7 हजार रुपए का खर्चा आया। हालांकि जब वे अपने बच्चे के 6वें जन्मदिन पर याचना पहुंच गए तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं था।

गौरतलब है कि इसके पहले भी कई ऐसी खबरें आ चुकी है जब लोगों ने हजार किलोमीटर से अधिक के सफर स्कूटर से ही तय किए। खासकर लॉकडाउन के समय इस तरह की खबरें अधिक सुनने को मिल रही थी। वैसे इस पूरे मामले पर आपकी क्या राय है हमे जरूर बताएं।

Related Articles

Back to top button