समाचार

अमरनाथ की चढ़ाई से पहले 4 दोस्तों ने ली सेल्फ़ी, बोले- बाबा हम आ रहे हैं.. कफन में लौटे वापस

अमरनाथ यात्रा करने का सपना हर शिव भक्त देखता है। यह यात्रा 30 जून से शुरू हुई थी। वहीं 11 अगस्त को रक्षा बंधन वाले दिन समाप्त हो जाएगी। इस बीच 8 जुलाई को बादल फटने से करीब 16 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं लगभग 40 लापता हो गए थे। इसके अलावा 105 लोग घायल भी हुए थे। अब जैसे जैसे लापता लोगों का पता चलते जा रहा है, वैसे वैसे मौत का आकड़ा भी बढ़ते जा रहा है। इस लिस्ट में राजस्थान के चार दोस्तों की मौत की कहानी वायरल हो रही है।

मौत के मुंह में समा गए अमरनाथ गए चार दोस्त

नागौर के रहने वाले चार दोस्त विजय सिंह, प्रहलादराम, युजेवेन्द्र सिंह और वीर सिंह 3 जुलाई को अमरनाथ यात्रा पर निकले थे। 6 जुलाई को पहलगांव पहुंच उन्होंने घरवालों से बात की थी। लेकिन इसके बाद वे कभी अपने परिवार से संपर्क नहीं कर पाए। उन्होंने 6 जुलाई को घर फोन कर यह कहा था कि हम अमरनाथ की चढ़ाई शुरू कर रहे हैं। अब बाद में बात करेंगे। लेकिन फिर वे लापता हो गए थे। उनकी कोई खबर नहीं थी। लेकिन अब परिवार को उनकी मौत की खबर मिली है।

इस चार लोगों की मौत के बाद राजस्थान से अमरनाथ गए मृतकों की संख्या अब बढ़कर सात हो गई है। खबरों की माने तो कोटा के कुछ लोग अभी भी लापता है। उनकी भी कोई खबर नहीं है। फिलहाल जिला कलेक्टर के आदेश पर चारों मृत दोस्तों के शवों को अमरनाथ से नागौर लाने की तैयारी की जा रही है। पहले चारों के शवों को श्रीनगर से अजमेर स्थित एयरपोर्ट पर भेजा जाएगा। फिर अजमेर से इन्हें नागौर लाया जाएगा।

मरने से पहले ली थी सेल्फ़ी

उधर एक साथ एक ही गांव के 4 लोगों के मरने से पूरे जिले में मातम पसरा हुआ है। परिवार का भी रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि चारों दोस्तों ने अमरनाथ पहुंचकर साथ में सेल्फी भी ली थी। तस्वीर को सोशल मीडिया पर साझा कर कैप्शन में लिखा था बाबा आ रहे हैं हम.. लेकिन फिर चारों कफन में वापस लौटे। जानकारी के अनुसार विजय सिंह सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल थे। वीर सिंह और यजुवेन्द्र फाइनेंस और बिल्डिंग मैटेरियल का काम करते थे। वहीं प्रहलाद का टी वेंडर का काम था।

इसके अलावा गंगानगर के वाधवा दम्पत्ति में मोहन लाल वाधवा का शव परिजनों के सुपरत कर दिया गया है। उधर सुनीता वाधवा का शव आज लाया जाएगा। दरअसल पहले सुनीता की बजाय किसी और महिला का शव दिल्ली एयरपोर्ट भेज दिया गया था।

फिर से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा

बता दें कि प्राकृतिक आपदा के बाद अमरनाथ यात्रा भले कुछ समय के लिए रोक दी गई थी, लेकिन अब इसे फिर से शुरू कर दिया गया है। आपदा के चलते पवित्र अमरनाथ गुफा इलाका, बालटाल और पंजतरणी समेत अन्य जगहों पर भारी बारिश के चलते रास्ते ब्लॉक हो गए थे। अभी तक करीब 1.13 लाख से ज्यादा लोग पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।

Related Articles

Back to top button