दूल्हे के सामने स्टेज पर चढ़ सिरफिरे आशिक ने भरी दुल्हन की मांग, देखते रह गया परिवार
जयमाला के दौरान स्टेज पर चढ़ा आशिक, दूल्हे के सामने ही भर दी दुल्हन की मांग, तस्वीरें वायरल

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में शादी हो रही है और अचानक एक शख्स आकर दुल्हन की मांग भर देता है जिसके बाद वहां मौजूद हर कोई दंग रह जाता है। मौके पर मौजूद किसी शख्स ने इस वीडियो को बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया जो चर्चा का विषय बना हुआ है।
बता दें, यह मामला उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र का है। दरअसल, दूल्हा दुल्हन स्टेज पर जयमाला की रस्में निभा रहे थे तभी दुल्हन का पूर्व आशिक स्टेज पर चढ़ा और सारे मेहमानों के बीच लड़की की मांग भर दी। इस नजारे को देखकर वहां मौजूद सारे मेहमान सन्न रह गए और परिवार और रिश्तेदारों की भी आंखें फटी की फटी रह गई।
इस माहौल को देखने के बाद लड़की पक्ष वालों ने तुरंत 112 पर फोन कर सूचना दी। इसके बाद पुलिस इस मौके पर पहुंची और देर रात 3:00 बजे तक इस मामले को शांत कराया गया। कहा जा रहा है कि इस मामले को शांत करवाने में बुजुर्गों के द्वारा मदद ली गई जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच शांंत माहौल हुआ। इसके बाद दूल्हे के साथ दुल्हन की विदाई भी की गई। लेकिन इसी बीच दुल्हन के सिरफिरे आशिक का ये कांड पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गया।
रिपोर्ट की माने तो हरपुर बुदहट के गांव का रहने वाला लड़का शादी की जा रही इस लड़की को प्रेम करता था। इसी बीच जब लड़का गांव से शहर गया तो लड़की के घरवालों ने उसका रिश्ता कहीं और तय कर दिया। ऐसे में 1 दिसंबर को लड़की की शादी की जा रही थी लेकिन जब सिरफिरे आशिक को यह बात पता चली तो उसने आव देखा ना ताव सीधे शादी में घुस गया और सभी के सामने लड़की की मांग भर दी। हैरानी की बात तो यह है कि लड़के ने दुल्हन को सिंदूर लगाते ही गले से भी लगा लिया जिसके बाद परिवार के लोग आशिक को स्टेज से उतारने पहुंचे और हड़कंप मच गया। इसके बाद ही 112 पर फोन करके लड़के के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई।
कहा जा रहा है कि जैसे ही मौके पर पुलिस पहुंची तो लड़का अपने घर चला गया। पुलिस के आने के बाद भी लगातार विवाद चलता रहा फिर गांव वालों की सूझबूझ से इस मामले को सुलझाया गया। रिपोर्ट की माने तो बड़े बुजुर्गों की बात मानकर लड़के पक्ष वाले मान गए और दुल्हन को अपने घर ले गए। वहीं गांव वालों का कहना है कि अब इस मामले में ज्यादा बढ़ा चढ़ा कर बात करने की जरूरत नहीं है।