मनोरंजन

मुकेश अंबानी के पोते की अनदेखी तस्वीर वायरल, आज छोटे नवाब का धूमधाम से मनाया जाएगा जन्मदिन

दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों में शुमार मुकेश अंबानी को भला कौन नहीं जानता। यह देश ही नहीं बल्कि दुनियाभर में प्रसिद्ध हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश अंबानी के पोते पृथ्वी आकाश अंबानी 10 दिसंबर 2021 को एक साल के पूरे हो जाएंगे। जी हां, मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के पोते और अंबानी फैमिली के राजकुमार पृथ्वी का जन्म 10 दिसंबर 2020 को हुआ था यानी कि आज 10 तारीख को उनका जन्मदिन है। ऐसे में उनका पहला जन्मदिन बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया जाएगा।

बता दें कि 10 दिसंबर, शुक्रवार के दिन आकाश अंबानी और उनकी पत्नी श्लोका अंबानी के बेटे पृथ्वी का जन्मदिन जामनगर (गुजरात) में अंबानी फार्म हाउस पर बहुत ही भव्य तरीके से मनाए जाने की खबर निकल कर सामने आ रही है। ऐसा बताया जा रहा है कि पृथ्वी के पहले जन्मदिन के मौके पर सौ पुजारी उनके स्वस्थ और लंबी आयु के लिए पूजा अर्चना करने वाले हैं। वहीं पूजा संपन्न होने के पश्चात आशीर्वाद देंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ऐसा बताया जा रहा है कि इस जन्मदिन पार्टी में करीब 120 मेहमानों को बुलाया गया है और सभी मेहमानों को प्राइवेट जेट से जामनगर भेजा जाएगा। इस खास मौके पर पृथ्वी की एक अनदेखी तस्वीर सामने आई है, जो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही है।

आपको बता दें कि आकाश अंबानी और श्लोका मेहता मार्च 2019 में एक दूसरे के साथ विवाह के बंधन में बंध गए थे। इनकी शादी में पैसा पानी की तरह बहाया गया था। करोड़ों रुपए इनकी शादी में खर्च हुए थे। इस भव्य शादी समारोह में बॉलीवुड इंडस्ट्री से लेकर खेल जगत तक से जुड़ी दुनिया की तमाम बड़ी बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं।

वैसे बता दें कि अंबानी परिवार का कोई भी सदस्य सोशल मीडिया पर सक्रिय नहीं रहता है फिर भी फैंस को उनके फैन पेज पर अंबानी फैमिली के जीवन से जुड़ी हुई झलकियां समय-समय पर देखने को मिल जाती हैं। ऐसे में एक आकाश अंबानी नाम के फैन पेज पर अब अंबानी परिवार के शहजादे पृथ्वी अंबानी की तस्वीर मिली है।

दरअसल, यह तस्वीर दिवाली 2021 के सेलिब्रेशन के दौरान की है। इस तस्वीर में देखा जा सकता है कि अंबानी परिवार कुछ लोगों के साथ दिवाली का पर्व मनाते हुए नजर आ रहे हैं। तस्वीर में मुकेश अंबानी, उनकी मां कोकिलाबेन, आकाश अंबानी और श्लोका मेहता नजर आ रहे हैं। तस्वीर के कैप्शन के अनुसार यह तस्वीर अंबानी के लंदन वाले घर स्टोक पार्क की मालूम हो रही है।

लेकिन इस तस्वीर में जिसने सभी का ध्यान खींचा है वह कोई और नहीं बल्कि श्लोका मेहता की गोद में नजर आ रहे पृथ्वी अंबानी हैं। तस्वीर में वह मुस्कुराते हुए पोज देते हुए दिख रहे हैं।

वहीँ पृथ्वी अंबानी की एक और अनदेखी तस्वीर सामने आ चुकी है। इस तस्वीर के अंदर पृथ्वी अपने दादाजी मुकेश अंबानी के साथ मुस्कुराते हुए पोज देते नजर आ रहे हैं।

आपको बता दें कि अंबानी फैमिली ने पृथ्वी के पहले बर्थडे के मौके पर आसपास के गांवों में 50,000 ग्रामीणों को खाना खिलाने की योजना बनाई है। इतना ही नहीं बल्कि जन्मदिन के इस खास मौके पर अनाथालयों में दान करने और देश के 150 अनाथालयों में छोटे समारोह आयोजित करने की भी योजना बन रही है। इसके अलावा मीडिया रिपोर्ट्स से यह खबर निकल कर आ रही है कि मां श्लोका अंबानी द्वारा पृथ्वी के लिए नीदरलैंड से खिलौने आयात किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button