समाचार

CID अफसर बताकर धोखे से करता था शादी, दूसरी पत्नी ने तीसरी शादी होने से पहले खोल दी पोल

मध्य प्रदेश में एक युवक धोखे से लड़कियों से शादी किया करता था और उनसे पैसे लूटा करता था। ये युवक खुद को पुलिसकर्मी बताता था और एक पिस्टल हमेशा अपने साथ लेकर चलता था। इस आरोपी ने दो लड़कियों से विवाह कर रखा था और तीसरा विवाह करने जा रहा था। हालांकि युवकी की पिछली पत्नी ने शादी से पहले ही इसकी पोल खोल दी और इसे पुलिस के हवाले कर दिया। ये घटना भिंड की है।

पुलिस के अनुसार इंद्रजीत सिंह नाम का युवक खुद को सीआईडी का पुलिस जवान बताता था। इसके पास से पुलिस को दो राज्यों की फर्जी पुलिस आईडी कार्ड भी मिला है। ये आरोपी खुद को पुलिसकर्मी बता कर शादी करने जा रहा था। लेकिन पुलिस ने इसे मौके से पकड़ लिया। आरोपी इंद्रजीत सिंह शातिर तरीके से लड़कियों को फंसाया करता था। ये पहले लोगों से संपर्क करता था और उनकी मदद से लड़की तक पहुंचता था। इसने इसी तरह से नुनहाटा गांव में रहने वाली एक लड़की से भी परिचय किया। इसके बाद इंद्रजीत ने लड़की को अपना नाम शैलेंद्र बताया और शादी करने की इच्छा जाहिर की। सीआईडी की नौकरी सुनकर लड़की के परिवार वाले शादी के लिए तैयार हो गए। शादी से पहले ही इंद्रजीत ने लड़की के परिजनों से पैसे लेना शुरू कर दिए।

इंद्रजीत की शादी के कार्ड भी छपकर तैयार हो गए थे। लेकिन इसी बीच इंद्रजीत की पत्नी ने आकर पूरी पोल खोल दी। दूसरी पत्नी ने लड़की के परिजनों को बताया कि इंद्रजीत कोई पुलिसकर्मी नहीं है और उसका पति है। इससे पहले भी इंद्रजीत एक शादी कर चुका था। पहली पत्नी को इंद्रजीत तलाक दे चुका था और ये उसकी तीसरी शादी है।

महिला ने लड़की के परिवार वालों को बताया कि वो इंद्रजीत की दूसरी पत्नी है। उसने पहली पत्नी से तलाक लिया था। ये अपना नाम बदलकर और खुद को पुलिस वाला बताकर तीसरी शादी करने जा रहा है। इंद्रजीत की सच्चाई पता चलने के बाद लड़की के परिवार वालों ने उसके लिए जाल बिछाया और उसे अपने घर बुलाया। लड़की के घर वालों ने आरोपी से कहा कि वो पैसे लेने के लिए घर आ जाए। जिसके बाद इंद्रजीत लड़की के घर पहुंच गया।

लड़की के परिवार वालों ने पुलिस से मदद ली और पुलिस ने इंद्रजीत को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार इंद्रजीत के घर की तलाशी ली गई, जहां से पुलिस को एक पुलिस की वर्दी, एक पिस्टल और यूपी एमपी पुलिस के बैच बरामद किए हैं। पुलिस ने इंद्रजीत के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

एडिशनल एसपी संजीव कंचन ने इस पूरे मामले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी नाम बदलकर लड़कियों से शादी किया करता था। ये लड़की व उनके घर वालों को फंसाने के लिए उन्हें बताया करता था कि वो पुलिसकर्मी है। इस आरोपी ने लड़की के परिवार से तीन-चार बार लाखों रुपये वसूल कर लिए हैं।

Related Articles

Back to top button