देश में यहां पर है माधुरी दीक्षित के नाम से ‘झील’, देखने के लिए पार करनी होती है ये चुनौती
लाजवाब डांस और बेहतरीन एक्टिंग से हिंदी सिनेमा में अपनी एक अमिट छाप छोड़ने वाली अभिनेत्री माधुरी दीक्षित को भला कौन नहीं जानता। धक् धक् गर्ल के नाम से मशहूर माधुरी दीक्षित लाखों-करोड़ों लोगों के दिलों पर राज करती है और आज भी उनकी एक झलक देखने के लिए फैंस बेताब रहते हैं। माधुरी दीक्षित ने अपने करियर में गोविंदा से लेकर शाहरुख, आमिर और सलमान खान जैसे हर बड़े सुपरस्टार के साथ काम किया है और आज भी माधुरी फिल्म दुनिया में सक्रिय है।
माधुरी के स्टारडम का अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि वह जहां भी खड़ी हो जाती है फिर वह जगह उस नाम से ही पहचानी जाने लगती है। जी हां.. आज हम आपको देश की एक ऐसी खूबसूरत झील के बारे में बताने जा रहे हैं जो माधुरी दीक्षित के नाम से मशहूर है। इस झील को आप देखेंगे तो आपको धरती पर ही स्वर्ग का एहसास होगा। आइए जानते हैं देश में ये झील कहां स्थित है और इस झील का नाम माधुरी दीक्षित कैसे पड़ा?
जैसा कि भारत देश में खूबसूरती की कोई कमी नहीं है। प्राकृतिक सौंदर्य का जो नजारा भारत में देखने को मिलता है वो कई और नहीं दिखता। वहीं भारत के कश्मीर को तो धरती का स्वर्ग कहा जाता है। इसके अलावा देश में ऐसी कई जगह है जिसे देखकर मन प्रसन्न हो जाता है। इन्हीं के बीच में स्थित एक झील जिसे माधुरी दीक्षित का नाम दिया गया है और यह दुनिया भर में प्रसिद्ध है।
बता दें, अरुणाचल प्रदेश में स्थित ‘सांगतेसर झील’ का नाम ही माधुरी दीक्षित झील है। इस झील की खूबसूरती बेहद अद्भुत है। यह झील तवांग से तकरीबन 30 किलोमीटर दूर है जो 3708 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। झील की सबसे अनोखी बात यह है कि यहां पर कभी माधुरी दीक्षित की फिल्म ‘कोयला’ का एक गाना फिल्माया गया था जिसे लोगों ने खूब पसंद किया था।
झील पर ‘कोयला’ फिल्म के गाने ‘तनहाई तनहाई’ की शूटिंग हुई थी। जहां माधुरी दीक्षित नहाती हुई नजर आती है तो वहीं शाहरुख खान बंसी बजाते हुए दिखाई देते हैं। इस गाने में माधुरी दीक्षित की जबरदस्त एक्टिंग के साथ-साथ खूबसूरत डांस भी दिखाई देता है।
झील के किनारों पर माधुरी की खूबसूरती देखने लायक रहती है तो वहीं इस गाने ने भी अपने नाम कई रिकॉर्ड दर्ज किए थे। फिल्म में माधुरी दीक्षित और अभिनेता शाहरुख खान के अलावा जाने-माने अभिनेता अमरीश पुरी जैसे कलाकारों ने भी काम किया था और यह फिल्म बड़े पर्दे पर भी हिट हुई थी।
बता दें, इस झील पर माधुरी दीक्षित के शूटिंग करने के बाद ही इसे ‘माधुरी झील’ के नाम से जाना जाने लगा। पर्यटक इस झील तक पहुंचने के लिए तवांग से गाड़ियों का इस्तेमाल करते हैं। हर साल यहां पर हजारों लोग इस झील का दीदार करने पहुंचते हैं। हालांकि यहां पर जाने के लिए हर किसी को अनुमति नहीं है।
दरअसल ये झील भारत चीन की सीमा के करीब स्थित है। ऐसे में यदि आप इस झील को देखने जाना चाहते हैं तो आपको सबसे पहले जिला आयुक्त से इजाजत लेनी होगी, तभी आप इस झील को देख पाएंगे। खास बात यह है कि सिर्फ भारतीयों को ही इस झील को देखने की अनुमति है।