समाचार

पहले की हिंदू लड़की से शादी, फिर करंट लगाकर उतारा मौत के घाट, घर में बच्चों के सामने दफनाया शव

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी को करंट लगाकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद उसने पत्नी को घर के ही कमरे में दफना दिया। उसने ये सभी काम अपने दो मासूम बच्चों के सामने किए। इस पूरे मामले का खुलासा आरोपी युवक की मां ने किया है। आरोपी मुस्लिम तो महिला हिन्दू है।

पति ने करंट लगाकर ली पत्नी की जान

मोहम्मद वसी गोला गोकर्णनाथ थाना क्षेत्र के हाफिजपुर मोहल्ले का रहने वाला है। उसने कुछ सालों पहले अपने मोहल्ले की हिन्दू लड़की उमा शर्मा को प्रेम जाल में फंसाकर शादी रचा ली थी। शादी के बाद उसने उमा का धर्म बदलकर उसे अक्शा फातिमा बना दिया था। इस शादी से दोनों के दो बच्चे भी हुए।

करीब 4-5 दिन पहले मोहम्मद वसी की मां आशिया बड़ी बेटी के घर कानपुर गई थी। इस दौरान मोहम्मद और फातिमा का झगड़ा हो गया। गुस्से में मोहम्मद ने फातिमा को करंट लगाकर मार दिया। उसने फिर पत्नी का शव घर के कमरे में गड्ढा खोदकर दफना दिया। उसके दो मासूम बच्चों ने सबकुछ देखा। आरोपी ने अपनी मां को कॉल कर बताया कि फातिमा झगड़ा कर कहीं चली गई है।

आरोपी की मां ने बुलाई पुलिस

जब आरोपी की मां घर आई तो उसने उसे सारी सच्चाई बता दी। मां सीधा वकील के पास गई। वकील ने सलाह दी कि आप तुरंत पुलिस को सबकुछ बता दें। फिर मां ने थाने जाकर बेटे की काली करतूत उजागर की। मां की बताई जगह से पुलिस ने उमा उर्फ फातिमा का शव बरामद किया। उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बॉडी पर चोट के कोई निशान नहीं दिखे। मौत की प्राथमिक वजह करंट लगना ही बताई जा रही है।

पुलिस ने फिलहाल आरोपी मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया है। वह मामले की जांच पड़ताल कर रही है। गोला क्षेत्र के सीओ राजेश कुमार ने भी इस पूरे मामले की जानकारी दी। बताया कि आरोपी की मां की शिकायत और निशानदही के आधार पर फातिमा का शव मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में निकलवाया गया।

हिन्दू लड़की से की थी शादी

आरोपी की मां ने पुलिस को बताया कि उनकी बहू हिन्दू लड़की थी। उसका नाम उमा शर्मा था। उसने बेटे से शादी की थी। दोनों अक्सर लड़ाई झगड़ा करते थे। हम इन्हें अक्सर डांटकर चुप करवा देते थे। वारदात वाले दिन मैं बेटी के घर आई हुई थी। बाद में मुझे इस घटना की जानकारी हुई।

Related Articles

Back to top button