बॉलीवुड

आखिर कौन हैं लता मंगेशकर के भाई हृदयनाथ? जिन्होंने दी मुखाग्नि, देखें पूरे परिवार की तस्वीरें

स्वर कोकिला लता मंगेशकर भारत देश के खास रत्नों में से एक थीं। लता जी अपनी आवाज की वजह से देश ही नहीं बल्कि विदेश सभी जगह जानी जाती हैं। देश की स्वर कोकिला और भारत रत्न से सम्मानित सिंगर लता मंगेशकर जी का निधन रविवार को सुबह हो गया। कोरोना संक्रमण के बाद निमोनिया के कारण 92 साल की उम्र में लता मंगेशकर को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में एडमिट किया गया था।

कई डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था परंतु अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी तो उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया परंतु उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। हिंदी सिनेमा और पूरे देश के लिए यह बेहद दुख की घड़ी है। बॉलीवुड में अपनी आवाज का जादू बिखेरकर देश-दुनिया में लोगों के दिलों पर राज करने वाले लता मंगेशकर ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। लता मंगेशकर जी की अंतिम विदाई देते समय हर देशवासी की आंखें नम हो गईं।

6 फरवरी 2022 को देश की 130 करोड़ जनता ने उन्हें आखिरी बार अलविदा कहा। भले ही लता जी ने अपने जीवन में शादी नहीं की, परंतु वह कभी अकेले नहीं पड़ी हैं। उनके आखिरी वक्त में पूरा परिवार साथ था। इतना ही नहीं बल्कि उनके साथ पूरा देश था। अपनी बहन की तमाम यादें समेटे लता जी के भाई हृदयनाथ मंगेशकर ने जब उनके पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी तो वह अपने आंसुओं को रोक नहीं पाए थे।

लता मंगेशकर अपने भाई-बहनों से कितना प्यार करती थीं। यह किसी से छुपा नहीं है। 28 सितंबर 1929 में इंदौर, मध्य प्रदेश में पंडित दीनानाथ मंगेशकर के यहां लता मंगेशकर का जन्म हुआ था, जो खुद एक क्लासिकल गायक थे। इसीलिए बचपन से ही लता जी गायकी के माहौल में पली-बढ़ी थीं। उन्होंने बहुत ही कम उम्र में अपने पिताजी से संगीत सीखना शुरू कर दिया था।

लता मंगेशकर की माता जी का नाम शीवंती मंगेशकर था। लता जी के पिता क्लासिकल सिंगर और थिएटर एक्टर थे। उनकी पहली शादी शीवंती की बड़ी बहन नर्मदा से हुई थी, जिनका निधन हो गया था। ऐसा बताया जाता है कि शीवंती से शादी के बाद उनका नाम सुधामती कर दिया गया था। वैसे तो पूरा विश्व ही लता मंगेशकर जी का परिवार था लेकिन जिस परिवार में जन्मी और पली-बढ़ीं, आज हम उसके बारे में जानेंगे।

आपको बता दें कि लता मंगेशकर जी तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थीं। लता मंगेशकर जी की तीन बहनें मीना, आशा, उषा हैं और उनके भाई का नाम हृदयनाथ मंगेशकर है। लता मंगेशकर जी के कदमों पर चलकर ही उनकी बहनों और भाई ने संगीत की दुनिया में अपना दायरा बढ़ाया।

मीना खडीकर

स्वर कोकिला लता मंगेशकर जी के जन्म के बाद मीना का जन्म हुआ था। बड़ी बहन होने के नाते लता जी ने अपना फर्ज निभाया और मीना का ख्याल रखा। मीना खडीकर एक भारतीय मराठी और हिंदी भाषा की पार्श्व गायिका और संगीतकार हैं।

आशा भोंसले

लता मंगेशकर जी की छोटी बहन आशा भोंसले बॉलीवुड की जानी-मानी गायिका हैं। आशा भोंसले की शादी गणपतराव भोंसले से हुई थी परंतु साल 1960 में दोनों की राहें अलग हो गईं। यह दोनों तीन बच्चों के माता-पिता बने।

उषा मंगेशकर

उषा मंगेशकर ने भी बड़ी बहन की तरह शादी नहीं की। उषा मंगेशकर भी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी गायिका हैं। उन्होंने हिंदी के अलावा मराठी, बंगाली सहित कई भाषाओं में कई गानों में अपनी आवाज दी है।

हृदयनाथ मंगेशकर

लता मंगेशकर जी के भाई हृदयनाथ मंगेशकर सभी बहनों में सबसे छोटे हैं। उन्होंने भी शास्त्रीय संगीत में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उन्हें प्यार से सब बाला साहेब बुलाते हैं। हृदयनाथ मंगेशकर को भारत सरकार ने पद्मश्री से सम्मानित भी किया था।

श्रद्धा कपूर से भी है रिश्ता

आपको बता दें कि बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री श्रद्धा कपूर से भी लता मंगेशकर जी का रिश्ता है। वह लता मंगेशकर जी की रिश्ते में परपोती लगती हैं। दरअसल, श्रद्धा कपूर के नाना पंधारीनाथ कोल्हापुरी लता जी के पिता दीनानाथ के भांजे थे। वहीं श्रद्धा कपूर की मां शिवांगी कपूर और मौसी पद्मिनी कोल्हापुरी रिश्ते में लता मंगेशकर की भतीजी लगती हैं।

Related Articles

Back to top button