विशेष

CBSE board12th Result: 500, 499, 497 नंबर हासिल कर एक ही स्कूल की छात्राओं ने रचा इतिहास

शुक्रवार, 22 जुलाई 2022 की सुबह केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं के रिजल्ट जारी कर दिए हैं। हर वर्ष की तरह ही इस बार भी परीक्षार्थियों ने अच्छे अच्छे अंक हासिल कर अपने घर, परिवार और अपने शहर का नाम रौशन किया है। लेकिन इस बार के नतीजों में भी लड़कियों ने बाजी मारी है। जी हां, उत्तर प्रदेश की बुलंदशहर की रहने वाली तान्या सिंह ने सीबीएसई बोर्ड 12वीं में 500 में से 500 अंक हासिल कर इतिहास रच दिया है।

आपको बता दें कि इस बार 12वीं में छात्रों के मुकाबले छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया है। 500 में से 500 नंबर लाने वाले तान्या सिंह के जैसे ही नतीजे सामने आए उनकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। तान्या सिंह की सफलता का प्रतिशत 100 है। इसे लेकर तान्या सिंह ने कहा कि यह गर्व की बात है। तान्या ने बताया कि वह काफी ज्यादा खुश हैं।

परीक्षा परिणाम सामने आया तो खुशी से झूम उठीं तान्या

तान्या सिंह बुलंदशहर के दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) की छात्रा हैं। परीक्षा नतीजे आने के बाद अब बुलंदशहर के दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में जश्न का माहौल बना हुआ है। जैसे ही तान्या का परीक्षा परिणाम सामने आया तो वह खुशी से झूम उठी। हर कोई बहुत खुश है और तान्या सिंह को लोगों से शुभकामनाएं और बधाई संदेश मिलरहे हैं। तान्या सिंह पूरे भारत की टॉपर बनी हैं, जिसके बाद उनकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं है।

तान्या सिंह को हर विषय में मिले 100 नंबर, मार्कशीट वायरल

500 में से 500 नंबर लाने वाले तान्या सिंह की 12वीं बोर्ड की मार्कशीट की कॉपी सामने आई है, जो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही है। तान्या सिंह की मार्कशीट से पता चलता है कि उनको हर विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त हुए हैं।

तान्या सिंह ने परीक्षा परिणाम आने के बाद एक समाचार चैनल से बातचीत की। उन्होंने कहा कि “मैं बुलंदशहर डीपीएस की स्टूडेंट हूं और मुझे 500 में से 500 नंबर मिले हैं। यह मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। हां मैं ऑल इंडिया टॉपर हूं।”

वहीं बुलंदशहर के डीपीएस स्कूल की एक ही लड़की ने नहीं बल्कि दो अन्य छात्राओं ने भी परीक्षा परिणाम में इतिहास रच दिया है। स्कूल की एक अन्य छात्रा भूमिका गुप्ता, तान्या सिंह के बाद की टॉपर रही हैं। भूमिका गुप्ता ने 500 में से 499 नंबर हासिल किए हैं।

वहीं इसके बाद स्कूल की सबसे सफल छात्रा सौम्या नामदेव रही हैं। सौम्या नामदेव तान्या और भूमिका के बिल्कुल करीब हैं। सौम्या को 500 में से 497 नंबर प्राप्त हुए हैं।

तान्या सिंह के स्कूल के सभी बच्चे हुए पास, प्रिंसिपल बोले- गर्व की बात…

आपको बता दें कि तान्या सिंह के स्कूल बुलंदशहर के दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) का 100 फ़ीसदी रिजल्ट रहा है। ना केवल बुलंदशहर स्कूल की तान्या सिंह, भूमिका गुप्ता, सौम्या नामदेव टॉपर रही हैं बल्कि स्कूल के 12वीं कक्षा के अन्य सभी छात्र भी पास हो गए। इसकी जानकारी स्कूल की तरफ से दी गई है। डीपीएस के प्रिंसिपल ने कहा है कि स्कूल के 100 फीसदी बच्चे पास हो गए हैं। लगभग 250 बच्चों ने 12वीं की परीक्षा दी थी। प्रिंसिपल ने इस क्षण को गौरवान्वित करने वाला बताया है।

लड़कियों ने इस बार मारी बाजी

बताते चलें कि इस बार CBSE 12वीं के रिजल्ट में ओवरऑल पासिंग परसेंटेज में लड़कियां लड़कों से आगे रही हैं। 12वीं कक्षा के परिणामों में 91.25% लड़के जबकि 94.54% लड़कियां पास हुई हैं।

Related Articles

Back to top button