दिल्ली की श्याम रसोई में गरीबों को खिलाया जाता है 1 रुपए में खाना, दी जाती है FIVE STAR थाली
कोरोना वायरस के कारण कई लोगों का रोजगार उनसे छीन गया है। कुछ लोग तो ऐसे भी हैं जिनके पास दो वक्त की रोटी के पैसे भी नहीं बचे हैं। ऐसे गरीब लोगों की मदद के लिए दिल्ली के परवीन कुमार गोयल मसीहा बनकर आ आए हैं। परवीन कुमार गोयल गरीब लोगों को खाना मिल सके, इसके लिए रोज श्याम रसोई लगाया करते हैं। जिसके जरिए मात्र एक रुपए में गरीब लोगों को भरपेट खाना दिया जाता है।
परवीन कुमार गोयल लंबे समय से ये रसोई लगा रहे हैं और रोज कई गरीबों को खाना दे रहे हैं। परवीन कुमार गोयल द्वारा नांगलोई के भुट्टो गली में श्याम रसोई लगाई जाती है। जो कि सुबह 11 बजे से 1 बजे तक खुली रहती है। यहां पर आने वाले लोगों को सिर्फ 1 रुपए में खाने की थाली दी जाती है।
दो महीने से कर रहे हैं ये काम
51 साल के परवीन कुमार गोयल ने कोरोना संकट को देखते हुए ये रसोई शुरू की थी। उनके अनुसार वो 2 महीनों से ये रसोई लगा रहे हैं। इस रसोई की मदद से कई सारे लोगों को खाना मिल पा रहा है। परवीन कुमार गोयल का कहना है कि रोज यहां पर हजार से अधिक लोग खाना खाने के लिए आते हैं। ये लोग गरीब हैं और आसपास के इलाकों में ही रहते हैं।
परवीन कुमार गोयल ने बताया कि हम यहां 1,000 से 1,100 लोगों को खाना खिलाते हैं और तीन ई-रिक्शा के जरिए इंद्रलोक, साई मंदिर जैसे आस-पास के इलाकों में पार्सल भी उपलब्ध कराते हैं। श्याम रसोई में करीब 2,000 दिल्ली वासी भोजन करते हैं।
लोग करते हैं दान
परवीन कुमार गोयल ने बताया कि कई सारे लोग उनकी मदद के लिए आगे भी आए हैं और खाने की चीजों का दान भी करते हैं। ताकि वो आसानी से इस रसोई को चला सकें। परवीन कुमार गोयल के अनुसार, हमें लोगों से दान मिलता है। कल एक बूढ़ी औरत आई और हमें राशन देने की पेशकश करके गई। इसी तरह से कुछ लोग हमें गेहूं देते हैं। इस तरह से हम पिछले दो महीनों से ये रसोई चला रहे हैं। खाने की चीजों के अलावा लोग हमें डिजिटल भुगतान भी कर रहे हैं। हमारे पास सात ओर दिन इस रसोई को चलने की क्षमता है। साथ ही, मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि वे राशन की मदद करें और इस सेवा को जारी रखें। ताकि गरीब लोगों को खाना खिलाया जा सके।