बॉलीवुड

130 से अधिक की फ़िल्में, काफी संघर्ष से इंडस्ट्री में बनाई पहचान, ऐसी है मुरली शर्मा की जिंदगी

बॉलीवुड इंडस्ट्री में एक से बढ़कर एक कलाकार मौजूद हैं, जिन्होंने अपने बेहतरीन अभिनय के दम पर दर्शकों के दिलों में अपने लिए खास जगह बनाई है। वैसे देखा जाए तो भारतीय सिनेमा में अभिनेता और अभिनेत्रियों की बात तो हर कोई करता है परंतु इस इंडस्ट्री में ऐसे भी कलाकार हैं, जिन्होंने ना जाने कितनी फिल्मों में बतौर साइड अभिनेता या अभिनेत्री के रूप में काम करके लोगों का मनोरंजन किया है।

उन्हीं में से एक अभिनेता मुरली शर्मा का नाम भी आता है। मुरली शर्मा का जन्म 9 अगस्त 1972 को हुआ था। आज यह अपना 50 वां जन्मदिन मना रहे हैं। मुरली शर्मा अपने करियर में हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगू, मराठी, मलयालम जैसी भाषाओं की फिल्मों में काम कर चुके हैं। आज हम आपको अभिनेता के जन्मदिन के खास मौके पर उनके करियर और शादीशुदा जीवन के बारे में बताने जा रहे हैं।

मुरली शर्मा खुद को कहते हैं “बॉम्बेवाला”

9 अगस्त 1972 को आंध्र प्रदेश के गुंटूर में जन्मे मुरली शर्मा के पिता जी का नाम बृजभूषण शर्मा है, जो एक मराठी हैं। वहीं मां तेलुगु हैं। मुरली शर्मा बहुत कम उम्र में ही मुंबई आ गए थे और यहीं पर रहकर उन्होंने अपनी शिक्षा प्राप्त की। इसी वजह से मुरली शर्मा अपने आप को आंध्र प्रदेश का ना मानकर मुंबई का मानते हैं मुरली शर्मा खुद को “बॉम्बेवाला” कहते हैं।

अभिनेता मुरली शर्मा ने ग्रेजुएशन पूरी करने के बाद सबसे पहले रोशन तनेजा एक्टिंग स्कूल में अभिनय की शिक्षा प्राप्त की, जिसके बाद उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रख दिया था। मुरली शर्मा को इंडस्ट्री में अपनी एक अलग पहचान बनाने के लिए जीवन में कड़ी मेहनत और संघर्ष करना पड़ा है। वह अपने बेहतरीन अभिनय के दम पर इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने में सफल हुए।

130 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं मुरली शर्मा

मुरली शर्मा को अगर पैन इंडिया कलाकार कहा जाए तो गलत नहीं होगा। उन्होंने हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगू, मराठी, मलयालम, भाषा में रिलीज हुई कई फिल्मों में काम किया है। मुरली शर्मा अलग-अलग भाषाओं की 130 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके हैं। कई बड़े-बड़े कलाकारों के साथ मुरली शर्मा ने स्क्रीन शेयर किया है। इतना ही नहीं बल्कि कुछ फिल्मों में उन्होंने ऐसे दमदार रोल प्ले किए, जो लोगों के बीच बहुत ज्यादा लोकप्रिय हुए हैं।

मुरली शर्मा ने बॉलीवुड की कई फिल्मों में काम किया है, जिसमें मैं हूं न, ढोल, धमाल, ब्लैक फ्राईडे, गोलमाल रिटर्न जैसी कई शानदार फिल्में शामिल हैं। इतना ही नहीं बल्कि उन्होंने साउथ सिनेमा में भी कई शानदार फिल्मों में काम किया है। लेकिन सच यह भी है कि मुरली शर्मा को हमेशा नकारात्मक किरदार निभाते हुए देखा गया है।

मुरली शर्मा एक ऐसे अभिनेता हैं, जो अपने रोल को बखूबी तरीके से निभाना जानते हैं। अपने शानदार काम के लिए मुरली शर्मा को बेस्ट विलेन के लिए नंदी अवॉर्ड, बेस्ट सपोर्टिंग रोल के लिए सीमा अवॉर्ड से भी नवाजा जा चुका है।

तलाकशुदा एक्ट्रेस से रचाई शादी

आपको बता दें कि मुरली शर्मा ने साल 2009 में अश्विनी कालसेकर से विवाह किया था। अश्विनी कालसेकर की यह दूसरी शादी थी। अश्विनी कालसेकर की पहले शादी साल 1998 में नीतीश पांडे नाम के शख्स से हुई थी। अश्विनी कालसेकर में अपने पति मुरली शर्मा के साथ अपने संबंधों के बारे में एक बार बात की थी।

उन्होंने कहा कि “मुरली और मैं दोस्त हैं। वह किताबों और संगीत में अधिक रहना पसंद करते हैं। ईमानदारी से कहूं तो हम एक दूसरे से अलग हैं लेकिन हमें एक दूसरे की पसंद और प्राथमिकताओं को महत्व देने के बारे में अच्छी समझ है। मुझे लगता है कि यह हमें चलता रहता है!” बता दें अश्विनी कालसेकर भी अभिनेत्री हैं। वह भी मुरली शर्मा की तरह कई फिल्मों में काम कर चुकीं हैं। अश्विनी कालसेकर टीवी में भी एक्टिव रही हैं।

Related Articles

Back to top button