अजब ग़जबविशेष

क्या है पकड़ौआ शादी? जिसका शादी के सीजन में बिहार के लड़कों में रहता है डर, नहीं जाते घर से बाहर

शादी एक ऐसा पवित्र बंधन होता है जहां दो प्यार करने वाले लोग एक नए रिश्ते में जुड़ जाते हैं, जो इस संसार के लिए बहुत जरूरी है। ऐसा कहा जाता है कि जोड़ियां स्वर्ग में बनती हैं लेकिन इन्हें निभाना धरती पर होता है, जहां हमारी जिंदगी से जुड़ी कई जमीनी सच्चाइयां होती हैं, जिन्हें स्वीकारते हुए दांपत्य जीवन में सही तालमेल बनाने की जरूरत होती है। लेकिन बिहार में लोग धरती पर भी जोड़ियां बना देते हैं। जी हां, वह जबरदस्ती शादी करा देते हैं।

हाल ही में एक समस्तीपुर के मोरवा से सामने मामला आया था, जिसमें एक लड़के की जोड़ी बना दी गई थी। यह लड़का अपनी बहन को उसके ससुराल छोड़ने गया हुआ था लेकिन उस लड़के को यह क्या मालूम था कि उसकी बहन का ससुराल उसका ही ससुराल बन जाएगा। लड़के को पकड़कर जबरदस्ती उसकी शादी करा दी गई।

जबरदस्ती कराई गई शादी

दरअसल, लड़का अपनी बहन को ससुराल छोड़ने के लिए गया हुआ था। बहन के ससुराल वाले अपनी बेटी की शादी को लेकर कई सालों से काफी चिंतित थे। उन्होंने अपनी लड़की के लिए कई जगह रिश्ता देखा परंतु वहां से भारी दहेज की डिमांड हो जाती थी, जिसके चलते बेटी की शादी नहीं हो पा रही थी। वहीं बहू के भाई के रूप में उनको अपनी बेटी के लिए दूल्हा नजर आया। जब लड़का अपनी बहन को ससुराल छोड़ने के लिए गया तो उसे जबरदस्ती पकड़कर मंदिर में गए और वहां पर उसकी शादी करवाई गई।

हम आपको जिस घटना के बारे में बता रहे हैं यह युवक विनोद कुमार के साथ हुई है, जो दलसिंह सराय के साठा निवासी है। जब वह अपनी बहन को ससुराल छोड़ने के लिए गया तो वहां पर उसकी बहन के ससुराल वालों ने उसे पकड़ लिया और मोडवा खुदनेश्वर स्थान मंदिर में उसकी जबरदस्ती शादी करवा दी गई।

लड़के के मर्जी के बिना ही पाग पहनाकर लड़की के सामने खड़ा कर दिया गया। इसके बाद जबरदस्ती उससे वरमाला डलवाई गई और लड़की की मांग में सिंदूर भरवाया गया। शादी होने के बाद विनोद कुमार ने बताया कि जबरदस्ती उसकी शादी करवाई गई है।

शादी का वायरल हो रहा वीडियो

वहीं जबरदस्ती शादी का एक वीडियो भी इलाके में वायरल हो रहा है। वीडियो में यह नजर आ रहा है कि लड़के का जबरदस्ती हाथ पकड़कर वरमाला डलवाई गई। वीडियो में इस दौरान लड़की उसके बगल में चुपचाप ही बैठी हुई नजर आ रही है। एक तरफ जहां दूल्हा इसे बिना मर्जी की शादी बता रहा है।

वहीं लड़की पक्ष का कहना है कि लड़का अपनी बहन के साथ जब ससुराल आता था, तो उनकी बेटी से छुप-छुपकर मिलता था और दोनों में प्रेम प्रसंग चलता रहा था। इसी वजह से परिवारवालों ने दोनों की शादी करवाई।

जानें क्या होता है पकड़ौआ शादी

आपको बता दें कि पकड़ौआ शादी में किसी सुयोग्य लड़के को पहले अगवा किया जाता है और फिर उसे डराया धमकाया जाता है और फिर उसकी शादी करा दी जाती है। इस तरह की शादी को पकड़ौआ विवाह कहा जाता है। बिहार में ऐसी जबरदस्ती शादियां एक समय में काफी आम हुआ करती थीं।

बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 80 के दशक में बिहार में के कई इलाकों में ऐसी शादियों का बहुत चलन था। ऐसी शादियों की झलक आपको अंतरद्वंद, अतरंगी रे जैसी फिल्मों तथा भाग्यविधाता नामक धारावाहिक में देखने को मिलेंगी।

रिपोर्ट्स के अनुसार एक समय ऐसा था जब कई गिरोह बने हुए थे, जो गांवों में ऐसी शादियों को अंजाम देते थे। यह गिरोह इंटर की परीक्षा देते स्टूडेंट्स और नौकरी करने वाले लड़कों को शादी के सीजन में अगवा कर लेते थे। इस तरह के युवकों को जब शादी का सीजन आता था, तो घर से बाहर निकलने के लिए मना कर दिया जाता था।

अगर हम बिहार पुलिस मुख्यालय के आंकड़ों के अनुसार देखें तो साल 2014 में 2526, साल 2015 में 3000, साल 2016 में 3070 और नवंबर 2017 तक 3405 युवकों को शादी के लिए अगवा किया गया था। आपको बता दें कि किसी परिवार में 4 बेटियां हैं, लेकिन उसके पिता की इतनी हैसियत नहीं है कि वह मोटा दहेज देकर अच्छे परिवार में उनकी शादी करा पाएं। ऐसे में वह अपनी बेटी की शादी के लिए पकड़ौआ शादी जैसे विकल्प को तलाशते हैं।

Related Articles

Back to top button