मशहूर एक्ट्रेस दिव्या भारती के पिता ओमप्रकश भारती का निधन, बेटे की तरह साजिद नाडियावाला ने रखा था ख्याल
हिंदी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री दिव्या भारती के पिता ओमप्रकाश भारती का निधन हो गया है। कहा जा रहा है कि, ओम प्रकाश भारती का निधन 30 अक्टूबर को हुआ। इस दौरान दिव्या भारती के पूर्व पति और मशहूर फिल्म निर्माता साजिद नाडियावाला आखरी समय तक उनके साथ मौजूद थे। साजिद नाडियावाला ने दिव्या भारती के माता-पिता को भी उतना ही प्यार किया है जितना उन्होंने अपने माता-पिता से किया।
कहा जा रहा है कि, जब ओम प्रकाश भारती का निधन हुआ तब साजिद नाडियाडवाला उन्हीं के पास थे और अंतिम संस्कार तक वही रूके। एक रिपोर्ट की माने तो दिव्या के माता-पिता को भी साजिद नाडियावाला मां-पापा कहकर बुलाते हैं। दरअसल, दिव्या भारती की मौत के बाद साजिद ने ही उनके माता-पिता को संभाला। उन्होंने एक बेटा बनकर एक्ट्रेस के माता-पिता का पूरा ख्याल रखा।
खबरों के मुताबिक, दिव्या भारती के पिता की तबीयत पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी जिसके चलते वह अस्पताल में भर्ती थे। इसके बाद 30 अक्टूबर को उन्होंने आखिरी सांस ली। ओम प्रकाश भारती के निधन की खबर साजिद की दूसरी पत्नी वर्धा खान नाडियावाला ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी है। उन्होंने ओम प्रकाश भारती के साथ साजिद नाडियावाला की एक तस्वीर शेयर की और कैप्शन में लिखा कि, “हम आपको बहुत मिस करेंगे डैड।”
View this post on Instagram
बता दें, 25 फरवरी 1976 को मुंबई में जन्मी दिव्या भारती ने साल 1990 में तेलुगु फिल्म से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इतना ही नहीं बल्कि बहुत ही कम समय में दिव्या भारती बॉलीवुड में अपनी एक खास पहचान बनाने में कामयाब रही। उन्होंने अपने करियर में ‘दीवाना’, ‘दुश्मन’, ‘शोला और शबनम’, ‘दिल ही तो है’, ‘विश्वात्मा’ और ‘जमाना’ जैसी कई बड़ी फिल्मों में काम किया। फिल्मी दुनिया में कदम रखने के 3 से 4 साल के भीतर ही दिव्या भारती ने एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया था। साथ ही उन्होंने गोविंदा से लेकर सनी देओल जैसे बड़े अभिनेताओं के साथ काम किया था।
जब दिव्या भारती का कैरियर पीक पर था तब उन्होंने महज 19 साल की उम्र में प्रोड्यूसर और डायरेक्टर साजिद नाडियावाला से शादी रचा ली थी। एक रिपोर्ट की मानें तो साजिद नाडियावाला और दिव्या भारती ने 10 मई 1996 को फिल्म ‘शोला और शबनम’ के सेट पर गुपचुप तरीके से शादी रचाई थी। साजिद से शादी रचाने के दौरान दिव्या ने इस्लाम धर्म कुबूल किया था। उन्होंने दिव्या से अपना नाम ‘सना’ करवा लिया था।
कहा जाता है कि, कम उम्र में ही दिव्या की शादी से उनके पिता नाराज थे और शादी के बाद उन्होंने कई दिनों तक दिव्या से बात भी नहीं की थी। शादी के महज एक साल बाद ही दिव्या भारती दुनिया छोड़ कर चली गई। 5 अप्रैल 1993 को दिव्या भारती की बालकनी से गिरने की वजह से मौत हो गई और आज भी उनकी मौत रहस्य बनी हुई है। शादी के एक साल बाद ही दिव्या की मौत होने पर साजिद नाडियावाला पर कई आरोप लगाए थे। हालांकि साल 1998 में दिव्या के केस को मुंबई पुलिस द्वारा इन्वेस्टिगेशन में मात्र एक एक्सीडेंटल बताया था।
इसके बाद साल 2000 में साजिद नाडियावाला ने वर्धा खान से शादी रचा ली। साजिद से शादी करने के दौरान वर्धा खान को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। कई लोगों ने उन्हें खूब ट्रोल भी किया। हालांकि वर्धा का कहना था कि, वह दिव्या भारती को अपने परिवार का हिस्सा मानती है और उनके बच्चे भी दिव्या भारती को बड़ी मम्मी कहकर बुलाते हैं।
एक इंटरव्यू के दौरान खुद वर्धा खान ने बताया था कि, “साजिद और दिव्या के पिता के बीच काफी अच्छे रिश्ते हैं। लोग कहते हैं कि दिव्या बहुत अच्छी थी लेकिन यह वाकई सच है कि दिव्या बहुत अच्छी थी। हम लोग भी उन्हें बहुत प्यार करते हैं।” वहीं साजिद नाडियावाला ने एक इंटरव्यू के दौरान खुलासा किया था कि, वह हमेशा दिव्या की एक तस्वीर अपने पर्स में रखते हैं। वह दिव्या का बहुत सम्मान करते हैं और उनके बच्चे भी दिव्या को बड़ी मां कहकर बुलाते हैं।