बॉलीवुड

पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित हुए सोनू निगम, मां को याद कर हुए भावुक

भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने खेल, साहित्य, सैन बल और सामाजिक क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री, पद्म विभूषण और पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया। इसी कड़ी में बॉलीवुड के मशहूर सिंगर और हर मुद्दे पर अपनी बेबाक राय रखने वाले सोनू निगम को भी सम्मानित किया गया।

सोनू निगम पद्म श्री से सम्मानित

28 मार्च को सोनू निगम को फिल्म इंडस्ट्री में उनके योगदान को देखते हुए भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार, पद्म श्री से सम्मानित किया गया। सोनू निगम को पुरस्कार मिले की जानकारी पीआईबी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो साझा कर दी हैं, जिसमें राष्ट्रपति उन्हें देशा का चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान देकर सम्मानित कर रहे हैं। इस वीडियो को शेयर कर पीआईबी ने सोनू द्वारा कला के क्षेत्र में दिए योगदान का जिक्र करते हुए लिखा, उन्होंने लगभग देश की हर भाषा में कई हजार गानों को अपनी बेहतरीन आवाज दी है।

अपनी मां को किया याद

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राज्यसभा सांसद जेपी नड्डा मौजूद थे। पद्म श्री अवार्ड से सम्मानित होने के बाद 48 वर्षीय सिंगर सोनू निगम ने कहा कि, यह एक खास दिन है और इस दिन में अपनी मां को याद करना चाहूंगा।

सोनू निगम ने कहा, ‘मुझे एक योग्य उम्मीदवार के रूप में सोचने और मुझे पद्म श्री से सम्मानित करने के लिए मैं भारत सरकार का आभारी हूं। उन सभी को मेरा दिल से धन्यवाद, जिन्होंने मुझे चुना और इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए मेरा नाम सुझाया। मैं अपने मां शोभा निगम और मेरे पिता अगम कुमार निगम को भी धन्यवाद देना चाहता हूं। वास्तव में, मैं यह पुरस्कार अपनी मां को समर्पित करना चाहता हूं। अगर वह आज यहां होती, तो वह बहुत रोती।’

पहले पद्म श्री लेने से किया था इनकार 

बता दें सोनू निगम को पद्मश्री मिलने की जानकारी एक महीने पहले ही मिल गई थी, लेकिन उस दौरान उन्होंने ये अवॉर्ड लेने से साफ इनकार कर दिया था। एक इंटरव्यू के दौरान सोनू ने अपनी नाराजगी जाहित करते हुए कहा था कि उन्हें ये सम्मान बहुत पहले ही मिल जाना चाहिए था। इंडस्ट्री में उनके बाद आने वाले कई लोगों को ये सम्मान पहले ही मिल चुका है। सिंगर सोनू निगम ने ये भी कहा था कि पद्मश्री लेने के समय को मैं पीछे छोड़ आया हूं। अब उसके बारे में सोचना भी बंद कर दिया है।

बंगाली रियलिटी शो में आ रहे नजर

वहीं उनके वर्कफ्रंट की बात करें तो सोनू निगम इस वक्त बंगाली सिंगिंग रियलिटी शो ‘सुपर सिंगर सीजन 3’ को जज कर रहे हैं। इस शो में उनके साथ कुमार सानू और कौशिकी चक्रवर्ती भी बतौर जज नजर आ रहे हैं। सोनू निगम कई हिंदी रियलिटी शोज जज कर चुके हैं, पर अब वो इनसे दूर ही रहते हैं।

Related Articles

Back to top button