समाचार

सिब्बल बोले-कांग्रेस की कमान छोड़े गांधी परिवार, दूसरे को दे मौका, एक बड़ा तंज भी किया

पांच विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस में मंथन का दौर जारी है। इस पराजय ने उसे कांग्रेस मुक्त भारत की तरफ एक कदम और आगे बढ़ा दिया है। पार्टी के नेता कांग्रेस के अस्तित्व को लेकर चिंतित है। इस बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस को बचाने के लिए गांधी परिवार पार्टी का नेतृत्व छोड़े और किसी दूसरे नेता को पार्टी की कमान दी जाय।

‘कल्पना में जी रहा गांधी परिवार’

कपिल सिब्बल ने पार्टी नेतृत्व पर निशाना साधा और कहा कि अगर उन्हें हार के कारणों की जानकारी नहीं है, तो कल्पना लोक में जी रहे हैं। उन्होंने ये बातें एक अखबार को दिए इंटरव्यू में कही।

CWC के बाहर भी कांग्रेस है-सिब्बल

इंडियन एक्सप्रेस को दिए एक इंटरव्यू में सिब्बल ने कहा कि वह विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार से हैरान नहीं हैं। उन्होंने कहा, “सीडब्ल्यूसी के बाहर भी एक कांग्रेस है… कृपया उनके विचारों को सुनें, यदि आप चाहें तो… हमारे जैसे बहुत से नेता जो सीडब्ल्यूसी में नहीं हैं, लेकिन कांग्रेस में हैं और जिनका एक पूरी तरह से अलग दृष्टिकोण है।

क्या इस हार से हमें कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि हम सीडब्ल्यूसी में नहीं हैं? देश भर में बहुत सारे कांग्रेसी हैं, केरल से, असम से, जम्मू-कश्मीर से, महाराष्ट्र से, उत्तर प्रदेश से, गुजरात से, जो उसी दृष्टिकोण को नहीं रखते हैं.”

2024 के लिए प्रियंका ने कसी कमर

कपिल सिब्बल कह रहे हैं कि गांधी परिवार कल्पना लोक में जी रहा है। वहीं हार के बाद भी प्रियंका गांधी वाड्रा ने हार नहीं मानी है। वो यूपी में 2024 के लिए रणनीति बनाने में जुट गई हैं। सूत्रों की मानें तो प्रियंका गांधी ने रविवार को हुई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में उत्तर प्रदेश में हार पर मंथन किया लेकिन उससे पहले घंटों तक कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।

387 सीटों पर जमानत जब्त

उत्तर प्रदेश चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन इस बार बेहद निराशाजनक रहा है। जमानत जब्त कराने में कांग्रेस नंबर एक रही है। कांग्रेस के 399 प्रत्याशियों में से 387 की जमानत जब्त हो गई। कांग्रेस को सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली है। कांग्रेस को इस बार सिर्फ 2.33 फीसदी वोट मिले। ये यूपी में कांग्रेस के इतिहास का सबसे खराब प्रदर्शन था। वो भी तब जब प्रियंका गांधी लगातार यूपी में एक्टिव थीं।

चुनाव के दौरान प्रियंका गांधी ने सड़क पर संघर्ष से लेकर भावनात्मक अपील तक सब दांव आजमाए लेकिन चुनाव दो ध्रुवी हो गए। चुनाव में कुछ काम नहीं आया। मुकाबला बीजेपी और एसपी के बीच ही लड़ा गया। लेकिन हार से घबराए बिना प्रियंका अगले चुनाव की तैयारियों में जुट गई हैं। सूत्रों के मुताबिक प्रियंका गांधी ने इस बैठक में 2024 लोकसभा चुनाव के लिए ब्लू प्रिंट भी तैयार किया है।

Related Articles

Back to top button