मनोरंजन

यामी गौतम से लेकर ईशा अम्बानी तक शादी के दिन महंगा लहंगा छोड़ मां की साड़ी पहन खुद को बनाया ख़ास

शादियों का सीजन चल रहा है और इस दौरान हर कोई अपनी शादी को यादगार बनाने की कोशिश में लगा हुआ है। लोग अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए काफी पहले से ही तैयारी में जुट जाते हैं। सभी अपनी शादी के दिन को खास बनाने के लिए कुछ ऐसा करते हैं जो सबको और खासतौर पर खुद को जरूर याद रहे। ये देखा गया है कि अपनी शादी में लड़कियां बहुत ज्यादा उत्सुक नजर आती हैं।

लड़कियां अपनी शादी में डिजाइनर लहंगे से लेकर एक अच्छा मेकअप करवाती हैं ताकि वह अपनी शादी में सुंदर नजर आएं। अपनी शादी के दिन को और अधिक खास बनाने के लिए कई बार तो लड़कियां महंगे और डिजाइनर लहंगा छोड़कर बरसों पुरानी अपनी मां की साड़ियां और ज्वेलरी भी पहनना पसंद करती हैं।

बात दें ऐसे कई सेलेब्स हैं, जिन्होंने अपनी शादी के दिन को खास बनाने के लिए महंगा लहंगा छोड़ अपनी मां की साड़ी पहनी है। शायद हो सकता है कि आपको इस बात पर यकीन करना थोड़ा मुश्किल हो रहा हो। तो चलिए जानते हैं आखिर वह कौन से सेलेब्स हैं जिन्होंने अपनी शादी में मां की साड़ी पहनी।

यामी गौतम

बॉलीवुड इंडस्ट्री की मशहूर अदाकारा यामी गौतम ने साल 2021 में मशहूर फिल्म डायरेक्टर आदित्य धर के साथ शादी रचाई थी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर अपनी शादी की तस्वीरें भी साझा की थी, जिसको फैंस के द्वारा काफी पसंद किया गया था। उन्होंने अपनी शादी को काफी साधारण रखा हुआ था। इस शादी में सिर्फ उनके घरवाले और कुछ खास करीबी लोग ही शामिल हुए थे।

यामी गौतम और आदित्य धर का विवाह हिमाचल में हुआ था। यामी गौतम अपनी शादी में बला की खूबसूरत नजर आ रही थीं। परंतु उन्होंने अपनी शादी में महंगा लहंगा नहीं पहना हुआ था बल्कि उन्होंने एक साधारण लाल रंग की साड़ी पहनी हुई थी परंतु शायद ही किसी को इस बात का पता होगा कि यह साड़ी यामी गौतम के लिए बेहद खास थी क्योंकि यह साड़ी उनकी मां की थी। जी हां, यामी गौतम ने बरसों पुरानी अपनी मां की साड़ी को अपनी शादी में पहना था।

सानिया मिर्जा

भारत की जानी-मानी टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने साल 2010 में पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक से शादी की थी। अपनी शादी में सानिया मिर्जा बहुत सुंदर लग रही थीं। सानिया मिर्जा ने अपनी शादी के दिन को और अधिक खास बनाने के लिए अपनी मां की साड़ी पहनी थी।

जी हां, उन्होंने अपनी शादी में महंगा लहंगा नहीं पहना था बल्कि करीब तैंतीस साल पुरानी अपनी मां की साड़ी सानिया मिर्जा ने शादी में पहनी थी। कई रिपोर्ट्स में ऐसा भी बताया गया है कि शादी में अपनी मां की ही साड़ी पहनने की सानिया मिर्जा की बचपन से ही इच्छा थी।

निहारिका कोनिडेला

निहारिका कोनिडेला साउथ फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री हैं। उन्होंने अपने प्री-वेडिंग रस्म पेलिकुथुरु में अपनी मां की 32 साल पुरानी साड़ी पहनी थी, जिसमें वह बेहद खूबसूरत लग रही थीं। उनकी यह साड़ी नीले रंग की बनारसी साड़ी थी और बहुत साधारण तरीके से उन्होंने साड़ी को कैरी किया था। इस साड़ी को पहनने के बाद निहारिका कोनिडेला में अपनी मम्मी की ही झलक नजर आ रही थी।

ईशा अंबानी

ईशा अंबानी की शादी साल 2018 में आनंद पीरामल संग हुई थी। अपनी शादी में ईशा अंबानी ने अबू जानी और संदीप खोसला की डिजाइन किया गया लहंगा पहना हुआ था परंतु शायद ही किसी को इस बात का पता होगा कि इस लहंगे के साथ ईशा अंबानी ने जो लाल रंग का दुपट्टा डाला हुआ था वह उनकी मां का था। जी हां, 35 साल पुरानी साड़ी को दुपट्टे के रूप में ईशा अंबानी ने पहनकर अपनी शादी वाले दिन को और अधिक खास बनाया था।

प्रियंका गांधी

आप सभी लोग देश की राजनीति में सक्रिय नेता और उत्तर प्रदेश की अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी को तो अच्छी तरह जानते ही हैं। उन्होंने साल 1997 में रॉबर्ट वाड्रा संग सात फेरे लिए थे। लेकिन उन्होंने भी अपनी शादी वाले दिन अपनी दादी की साड़ी पहनी थी, जिसमें यह बेहद खूबसूरत लग रही थीं। शायद आपको इस बात पर यकीन करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है लेकिन प्रियंका गांधी ने अपनी शादी में अपनी दादी और देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की साड़ी पहनी थी।

Related Articles

Back to top button