धार्मिक

गरुड़ पुराण: ये 5 काम करने वालों के पास नहीं टिकती मां लक्ष्मी, गरीबी उन्हें जकड़ लेती है

आज के महंगाई के जमाने में हर कोई यही चाहता है कि मां लक्ष्मी की कृपा उनके ऊपर बनी रहे। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यदि आप 5 विशेष कार्य करते हैं तो मां लक्ष्मी आपका घर हमेशा के लिए छोड़ देती है। फिर आपको धन हानि होती है और गरीबी आपका पीछा नहीं छोड़ती है। दरअसल गरुड़ पुराण में पांच ऐसे काम बताए गए हैं जिन्हें करने से मां लक्ष्मी उस व्यक्ति का त्याग कर देती है।

गरुड़ पुराण में एक श्लोक का उल्लेख है जो कि इस प्रकार है – कुचैलिनं दन्तमलोपधारिणं ब्रह्वाशिनं निष्ठुरवाक्यभाषिणम्। सूर्योदये ह्यस्तमयेपि शायिनं विमुञ्चति श्रीरपि चक्रपाणिम्।।

इस श्लोक का अर्थ है – मां लक्ष्मी मैले कपड़े पहनने वाले, गंदे दांत रखने वाले, ज्यादा खाने वाले, कठोर वचन बोलने वाले और सूर्योदय एवं सूर्यास्त के समय सोने वाले व्यक्ति का त्याग कर देती है। श्लोक में ये भी बताया गया है कि इंसान क्या यदि भगवान विष्णु भी ऐसे काम करे तो मां लक्ष्मी उनका भी त्याग कर देती है। चलिए इसे थोड़ा और विस्तार से जानते हैं।

1. मैले कपड़े: गंदे कपड़े धारण करने वालों के पास मां लक्ष्मी रहना पसंद नहीं करती है। इसकी वजह ये है कि देवी मां को साफ सफाई और सकारात्मक ऊर्जा पसंद होती है। गंदे कपड़े नकारात्मक ऊर्जा पैदा करते हैं।

2. गंदे दांत: जो लोग अपने दांतों की अच्छे से सफाई नहीं करते और जिनके दांत अक्सर गंदे रहते हैं वहां भी लक्ष्मीजी ठहरना पसंद नहीं करती है। इसका कारण ये है कि गंदे दांत रखने वाला इंसान स्वभाव से आलसी और लापरवाह होता है। और मां लक्ष्मी को आलसी लोग बिल्कुल पसंद नहीं आते हैं।

3. अधिक भोजन: जो व्यक्ति हद से ज्यादा खाना खाता है उसके पास भी लक्ष्मीजी नहीं रहती है। अधिक खाने वाले मोटे हो जाते हैं और उन्हें परिश्रम करने से परहेज होता है। उनके आलसी बनने के चांस ज्यादा होते हैं। वे काम से जी चुराते हैं। मां लक्ष्मी को सिर्फ मेहनती लोग ही पसंद होते हैं।

4. कठोर वचन: अपशब्दों का इस्तेमाल करना, चीखना चिल्लाना, कटु वचन बोलना, वाणी से दूसरों का अपमान करना कुछ ऐसी चीजें हैं जो लक्ष्मीजी को बिल्कुल पसंद नहीं होती है। इसलिए वे इस तरह के लोगों को छोड़ चली जाती हैं।

5. सूर्योदय एवं सूर्यास्त के समय सोना: जिस घर में लोग सूर्योदय व सूर्यास्त के समय सोते हैं वहां मां लक्ष्मी भूलकर भी नहीं आती है। ऐसे घर में आलस और नकारात्मक ऊर्जा की अधिकता होती है। उस घर के लोग मेहनत करने में आलस दिखाते हैं।

Related Articles

Back to top button