स्वास्थ्य

एक चम्मच मलाई खाने से मिलते हैं अनगिनत फायदे, आंखों की रोशनी बढ़ाने से लेकर दिमाग तेज करने तक

दूध में मलाई जमती है और कई बार हम इसे खाते भी हैं, लेकिन हममें से अधिकतर लोगों को यह नहीं मालूम कि मलाई खाना स्वास्थ्य की दृष्टि से कितना फायदेमंद होता है। यहां हम आपको मलाई खाने के फायदे के बारे में बता रहे हैं।

आंखों के लिए

मलाई खाने से आंखों की सेहत अच्छी बनी रहती है। इससे आंखों की रोशनी बढ़ती है। इसमें विटामिन ए की मौजूदगी होने से रात में भी देखने में तकलीफ नहीं होती। आंखों का रेटिना इससे स्वस्थ बनता है। मोतियाबिंद जैसी बीमारियों से मलाई खाने से बचाव होता है।

शारीरिक विकास के लिए

शरीर के विकास के लिए जरूरी विटामिन B12 मलाई में प्रचुर मात्रा में मौजूद होता है। विटामिन B12 शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाता है। इसके अलावा उत्तकों की वृद्धि और जनन अंगों के विकास में भी यह मददगार होता है। मलाई में मौजूद विटामिन B12 त्वचा, आंखें, तंत्रिका तंत्र और संयोजी उत्तक को भी लाभ पहुंचाता है। बाल, नाखून और त्वचा के लिए भी यह जरूरी है।

मजबूत बनती हैं हड्डियां

शरीर की हड्डियों एवं दांतों के विकास के लिए फास्फोरस बहुत ही जरूरी होता है। मलाई में मौजूद फास्फोरस से शरीर की हड्डियां और दांत मजबूत बनते हैं। शरीर में खनिज की कमी और हड्डियों को होने वाले नुकसान को मलाई कम कर देती है। अध्ययनों के मुताबिक दिल की सेहत के लिए फास्फोरस बहुत ही जरूरी होता है। इसलिए मलाई खाने से दिल की बीमारियों का खतरा कम हो जाता है।

नहीं होता है किडनी स्टोन

आज की जीवनशैली में किडनी स्टोन एक आम समस्या बन गई है, मगर मलाई खाने से जो शरीर को कैल्शियम मिलता है, उसकी वजह से किडनी स्टोन बनने की आशंका कम हो जाती है। किडनी से जुड़ी परेशानियां भी डेयरी उत्पाद खाने से कम होती हैं। हालांकि, संतुलित मात्रा में ही मलाई का भी सेवन करना चाहिए। जिन्हें किडनी स्टोन है, डॉक्टर उन्हें डेयरी उत्पादों से दूर रहने की सलाह देते हैं।

तनाव घटाने के लिए

पैंटोथैनिक एसिड यानी कि विटामिन B5 मलाई में मौजूद होता है। यह न केवल तनाव को कम करता है, बल्कि मस्तिष्क से जुड़ी परेशानियों चिंता व अवसाद को भी घटा देता है। जो हार्मोन मस्तिष्क को स्वस्थ बनाए रखते हैं, उन्हें यह नियंत्रित करने का काम करता है।

बढ़ती हैं लाल रक्त कोशिकाएं

अच्छी सेहत और शरीर के संपूर्ण विकास के लिए लाल रक्त कोशिकाएं बहुत ही महत्वपूर्ण होती हैं। इनमें जो हीमोग्लोबिन मौजूद होता है, उसी से पोषक तत्व और ऑक्सीजन रक्त कोशिकाओं को प्राप्त होते हैं। इसके अलावा लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण के लिए शरीर में आयरन और खनिज भी जरूरी होते हैं। मलाई में इन सभी पोषक तत्वों की मौजूदगी होने से इसका सेवन करने से लाल रक्त कोशिकाएं शरीर में बढ़ती हैं।

दूर होती हैं पेट से संबंधित समस्याएं

पेट में यदि एसिड अधिक बन रहा हो तो रात में दो चम्मच मलाई खा लेने से राहत मिलती है। आंतों से जुड़ी बीमारियां मलाई खाने से ठीक होती हैं।, क्योंकि इसमें लैक्टिक फर्मेंटेशन प्रोबायोटिक होता है। शरीर से जहरीले तत्वों को भी मलाई बाहर निकाल देता है।

बढ़ती है शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता

विटामिन A मलाई में पर्याप्त मात्रा में मौजूद रहता है, जिसकी वजह से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ जाती है। ऐसे में हमारे शरीर के किसी भी तरह के संक्रमण की चपेट में आने की आशंका कम हो जाती है।

स्वस्थ दिमाग के लिए

मलाई और डेयरी उत्पादों में फास्फोरस प्रचुर मात्रा में मौजूद होता है, जिसकी वजह से मस्तिष्क ठीक तरीके से काम करता है। मस्तिष्क को पर्याप्त मात्रा में पोषक तत्व मिले तो इसका विकास अच्छी तरह से होता है। मलाई में मौजूद फास्फोरस की वजह से कई अध्ययनों के मुताबिक अल्जाइमर जैसी मस्तिष्क की बीमारी से बचाव होता है।

मलाई खाने से होने वाले नुकसान

मलाई खाना शरीर के लिए फायदेमंद तो जरूर है, लेकिन मलाई में सैचुरेटेड फैट अधिक होता है। कई अध्ययनों से यह पता चलता है कि सैचुरेटेड फैट का सेवन यदि अधिक किया जाए, तो शरीर में हाई कोलेस्ट्रोल की आशंका बढ़ जाती है।ज्यादा मात्रा में मलाई खाने से शरीर मोटापे का शिकार हो सकता है। मलाई ज्यादा खाने से कई बार पेट के फूलने, बार-बार मल आने, भूख कम लगने और जी मिचलाने जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। ऐसे में डॉक्टर से तुरंत संपर्क करना चाहिए।

पढ़े मानसिक शांति से लेकर अच्छी सेहत तक पीपल के पेड़ की परिक्रमा लगाने से होते हैं ये 5 फायदें

Related Articles

Back to top button